
” आठ होम्योपैथी क्लीनिकों का किराया बंद
एटा, संवाद। किराये के भवन में संचालित हो रहे होम्योपैथी क्लीनिक का किराया शासन ने देना बंद कर दिया है। मार्च से किराया बंद होने के बाद क्लीनिक संचालन बंद होने के कगार पर पहुंच गया है। क्लीनिक संचालन के लिए निजी भवन होना जरूरी है। उसके लिए जमीन ढूढ़ने को विभागीय अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं।
जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. लता मंगलानी ने बताया कि मार्च में शासन ने क्लीनिक का किराया बंद करने के आदेश आया। उसके बाद से उनको किराया नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में दस होम्योपैथी क्लीनिक संचालित है, जिसमें एक मेडिकल कालेज में संचालित है। उसके अलावा आठ क्लीनिक किराए के भवन में संचालित हो रहे थे। मार्च में आदेश आने के बाद इन क्लीनिकों का संचालन निजी भवनों में कराने के लिए जमीन तलाशी जा रही है। दो स्थानों पर लोगों ने निजी भूमि होम्योपैथी क्लीनिक के लिए दान की है। उसके बाद इन भूमि को सरकार के पक्ष में लाने की प्रक्रिया चल रही है।
इसके अलावा अन्य क्लीनिक संचालन के लिए अभी तक भूमि नहीं मिल सकी है। जिला होम्योपैथी अधिकारी ने बताया कि शासन के आदेश में निजी भवन को भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। भूमि न मिलने की स्थिति में क्लीनिकों को निकट के सीएचसी, पीएचसी पर संचालित कराने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।ताकि लोगों होम्योपैथी चिकित्सकों के माध्यम से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहे।