*एटा पुलिस की बसूली लिस्ट, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, संवाददाता। पुलिस में भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट डाली गई। इसमें धुमरी चौकी प्रभारी पर तरह-तरह के कामों की वसूली की रेट लिस्ट जारी कर दी गई। चौकी प्रभारी ने आला अफसरों के संज्ञान में मामला लाते हुए फेसबुक यूजर को नोटिस भेजकर आरोपों के संबंध में साक्ष्य मांगे हैं।
जीतू ठाकुर के फेसबुक एकाउंट से डाली गई पोस्ट में थाना जैथरा क्षेत्र की चौकी धुमरी प्रभारी पर कई प्रकार के आरोप लगाए थे। इसमें सिलेंडर रीफिलिंग, आरा मशीन, पेड़ कटाई आदि कामों पर पुलिस की वसूली की रेट लिस्ट जारी कर दी गई। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट पुलिस तक पहुंची तो सकते में आए धुमरी चौकी प्रभारी की ओर से पोस्ट डालने वाले को लीगल नोटिस भेजा गया है। इसमें आरोपों का आधार और पांच दिन में जवाब देने को कहा गया है। आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मांगे हैं नहीं तो कार्रवाई की बात कही गई है। उधर नोटिस मिलने के बाद वसूली लिस्ट को हटाकर दूसरी पोस्ट डाली गई, जिसमें कहा गया है कि हम जल्द ही पुलिस की हकीकत खोलेंगे।
“सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट का मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। हमने लीगल नोटिस भी दिया है। साक्ष्य मांगे गए हैं। अगर बिना साक्ष्यों के यह किया गया है तो कार्रवाई की जाएगी।
- उदय शंकर सिंह, एसएसपी”