
चेकिंग करने गई विद्युत टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
एटा। विद्युत निगम की टीम जैथरा थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में बृहस्पतिवार को चेकिंग करने गई थी। आरोप है कि गांव के लोगों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वहीं स्टाफ कर्मियों का गला दबाने की कोशिश की गई।
अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह थाना क्षेत्र के वरना में उपखंड पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर के समय टीम के साथ वह कार से गांव दौलतपुर में चेकिंग के लिए गए थे। गांव के चरन सिंह, वीकेश, छत्रपाल, सर्वेश, पंकज, बृजेश अनुज ने गाड़ी को रोक लिया। लाठी-डंडों के बल पर गाड़ी का गेट खुलवा लिया। इसके बाद उन्होंने चालक सहित चेकिंग दल की लाठी-डंडों से पिटाई की। इस दौरान कर्मचारी अंकुश व सोनू का गला दबाने की कोशिश की। आरोपियों ने गाड़ी में रखे सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। जेई ने ग्राम प्रधान अनुज पर ग्रामीणों को उकसाने का आरोप लगाया है। जैथरा थानाध्यक्ष रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।