पैथोलॉजी में कागज नहीं, हाथ से पर्चे पर लिखी जा रही है रिपोर्ट, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। मेडिकल कॉलेज में स्थित पैथोलॉजी लैब में मशीन से प्रिंट देने के लिए कागज नहीं है। ऐसे में लैब कर्मचारी हाथ से ही पर्चे पर रिपोर्ट लिखकर दे रहे है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को मरीज भड़क गए और रोष जताया। बाद में अधिकारियों को सूचना दी गई, जिन्होंने आश्वासन देकर मरीजों को शांत किया।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में स्थित पैथोलॉजी लैब में 15 दिन से अधिक समय से पर्चे पर ही हाथ से लिखकर रिपोर्ट दी जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार बताया जा रहा है, इसके बाद भी प्रिंट निकालने के लिए कागज की व्यवस्था नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार को भी हाथ से ही रिपोर्ट लिखकर दी जा रही थीं, तभी मरीज भड़क गए और कर्मचारियों के सामने रोष जताने लगे। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों को लगातार अवगत कराया जा रहा है।
एक कर्मचारी ने बताया कि सीबीसी जांच में ही 22 पैरामीटर हैं। इसी तरह बायोकेमिस्ट्री व अन्य जांचों में काफी पैरामीटर शामिल हैं। इनको पर्चे पर लिखने में पांच मिनट से ज्यादा का समय लग जाता है। ऐसे में सारे पैरामीटर नहीं लिख सकते। कुछ ही बिंदुओं को लिख दिया जाता है। इससे मरीज संतुष्ट नहीं हैं और चिकित्सक भी मरीजों से ही उल्टा सवाल जवाब करते हैं। इसलिए मरीजों की परेशानी बढ़ी हुई है।
एक निजी संस्था को पैथोलॉजी लैब की जिम्मेदारी दी गई है। उसकी तरफ से अव्यवस्थाएं की जा रही हैं। शासन को लिखा जाएगा। मामला कई दिनों से चल रहा है, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ है, यह गंभीर बात है। – डॉ. विवेक पाराशर, मीडिया प्रभारी