*बड़ी लापरवाही: थाने से गायब हो गई सपा नेता जुगेंद्र सिंह यादव की हिस्ट्रीशीट, जांच शुरू, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – अलीगंज थाने से सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव की हिस्ट्रीशीट गायब हो गई। यह महत्वपूर्ण दस्तावेज कई साल से गायब था, जो अब जानकारी में आ सका। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कराई गई है।
अलीगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव अमृतपुर रघुपुर निवासी जुगेंद्र सिंह यादव की हिस्ट्रीशीट थाने में दर्ज है, जिसको पिछले दिनों देखा गया तो मूल प्रति नहीं मिली। इस पर एसएसपी ने 29 सितंबर को प्रारंभिक जांच सीओ अलीगंज को सौंप दी। उनके ही निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई। थाने के तत्कालीन हेड मुहर्रिर व थाना कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा हिस्ट्रीशीट गायब किया जाना प्रथम दृष्टया पाया गया है।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब चार-छह साल पहले मूल हिस्ट्रीशीट थाने से गायब हुई है। इसका सही समय पता किया जा रहा है। इसी के आधार पर उस समय तैनात पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी तय हो सकेगी। बताया कि यह बहुत महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज होता है। किसी अभियुक्त के जीवित रहने तक उसे नष्ट नहीं किया जा सकता है।
भाई पूर्व विधायक की भी गायब हो चुकी हिस्ट्रीशीट
इससे पहले सपा नेता के बड़े भाई अलीगंज के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनाथ यादव की हिस्ट्रीशीट भी गायब हो चुकी हैं। उनकी हिस्ट्रीशीट थाना जसरथपुर में दर्ज थीं। सीओ की जांच में थाने का मुंशी इस मामले में दोषी पाया गया था। जिसके खिलाफ 2 जून 2022 को जसरथपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।