भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री की हूटर लगी कार रोकी, कहे अपशब्द, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। माया पैलेस चौराहा पर बुधवार को पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग कर हूटर उतरवाए जा रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा के प्रदेश मंत्री संगठन डीपी भारती की हूटर लगी कार को यातायात पुलिस ने रोक लिया।
भाजपा पदाधिकारियों का आरोप है कि टीएसआई ने उनसे अपशब्द कहे। इसकी शिकायत जिलाध्यक्ष ने एसएसपी से की है।
बुधवार को सुबह से माया पैलेस चौराहा पर हूटर लगाकर चल रहे वाहनों की पड़ताल की जा रही थी। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री संगठन डीपी भारती की गाड़ी उधर से गुजरी।
टीएसआई ने गाड़ी को रुकवा लिया और हूटर को लेकर कुछ बात कही। आरोप है कि परिचय देने के बाद भी पुलिस द्वारा गलत शब्दों का प्रयोग किया गया। बाद में पुलिस ने गाड़ी को जाने दिया। उन्होंने मामले की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन को दी। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष पहले मौके पर पहुंचे और टीएसआई से मामले को लेकर बातचीत की। इसके बाद वह एसएसपी के पास टीएसआई की शिकायत करने पहुंचे।
संगठन के प्रदेश मंत्री एक बैठक में आगरा जा रहे थे। हूटर को लेकर गाड़ी को रोका गया लेकिन पुलिस का बात करने का तरीका गलत था। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासन से रहता है। पुलिस ने गलत व्यवहार किया, इसके लिए अधिकारियों से मिले और मामला उनके संज्ञान में दिया है।
- संदीप जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष
मामला जानकारी में है। यदि लिखित रूप से शिकायत प्रस्तुत की जाती है तो जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। - धनंजय सिंह कुशवाहा, एएसपी