” नहीं थम रही लंपी बीमारी 19 गोवंश संक्रमित मिले
???????? ब्लॉक जलेसर के गांव नगला भजन में पाए गए संक्रमित, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा।लंपी संक्रमित गोवशों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। अब तक पांच ब्लॉक के कुल 19 पशुओं में लंपी स्किन डिसीज संक्रमण की पुष्टि की जा चुकी है। पशु पालन विभाग की 28 टीमें प्रत्येक ब्लॉक के गांव में पहुंच वैक्सीनेशन कार्य कर रहे है। फिर भी गोवंशों में बीमारी बढ़ती जा रही है।
शनिवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह सोलंकी ने बताया कि बीते दिन शुक्रवार को जलेसर ब्लॉक के नगला भजन में एक साथ चार लंपी स्किन डिसीज बीमारी से ग्रस्त गोवंश पाए गए है। सभी गोवंशों का उपचार शुरु कराने के साथ उनका वैक्सीनेशन भी करा दिया गया है। जलेसर क्षेत्र जनपद आगरा और हाथरस बार्डर से लगा हुआ है। इसके कारण दूसरे जिलों के संक्रमित गोवंश घूमकर जलेसर क्षेत्र में आने से जलेसर क्षेत्र में संक्रमित गोवंश की संख्या सर्वाधिक बनी हुई है।
पहला लंपी केस जलेसर ब्लॉक में ही मिला था। उसके बाद चार संक्रमित पशु दूसरी बार मिले थे। तीसरी बार में भी चार संक्रमित गोवंश भी जलेसर ब्लॉक क्षेत्र में ही मिले है। अब यहां पर संख्या नौ हो गई। सकीट ब्लॉक संक्रमित गोवंश के मामले में दूसरे स्थान पर है। इस ब्लॉक में अब तक कुल पांच गोवंश लंपी संक्रमित पाए जा चुके है। वहीं ब्लॉक अवागढ़, मारहरा एवं निधौली कला क्षेत्र में कुल दो-दो गोवंशों में ही लंपी वायरस की पुष्टि हुई है।