क्लीनिक पर बीमार महिला की मौत, संचालक भागा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – अलीगंज में किला रोड स्थित मोहल्ला टपकनटोला में एक अपंजीकृत क्लीनिक में बीमार महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होते ही क्लीनिक बंद कर संचालक भाग गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव झकरई निवासी विनीता (32) पत्नी वीरपाल रक्तस्राव हो रहा था। महिला को मोहल्ला टपकनटोला किलारोड में अपंजीकृत क्लीनिक में भर्ती कराया था। पति का आरोप है कि क्लीनिक संचालक सुशील ने विनीता को बोतल लगा दी। बोतल चढ़ते ही महिला का शरीर ठंडा पड़ने लगा। तब संचालक ने उसको जूस लेने के लिए भेज दिया। जब वह जूस लेकर आया तब तक उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। मौत की सूचना वीरपाल ने परिवारीजनों को दी। परिवारीजनों ने क्लीनिक पर पहुंचकर हंगामा किया। इससे पूर्व ही क्लीनिक संचालक सुशील गायब हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली अलीगंज पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलीगंज में अपंजीकृत क्लीनिक में महिला की मौत होने के मामला अभी संज्ञान में नहीं है। टीम को भेजकर क्लीनिक संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करायी जाएगी।
-डा. उमेश चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ, एटा।