सीएचसी में भर्ती नवजात को जंगली जानवर ने नोंचा, मौत, डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

यूपी (गोंडा) : सीएचसी में भर्ती नवजात को जंगली जानवर ने नोंचा, मौत, डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुजेहना में भर्ती एक नवजात को रविवार की भोर में किसी जानवर ने उसका मुंह नोंच लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, जिलाधिकारी ने जांच के लिए सीडीओ व सीएमओ की अगुवाई में टीम गठित की है। वहीं परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर वार्ड में तैनात अज्ञात कर्मचारियों के विरुद्ध थाना धानेपुर में गैर इरादतन हत्या का केस किया गया है। बताया कि ऑक्सीजन लगाने की बात कहकर नवजात को प्रसूता से अलग रखा गया था।

मुजेहना के ग्राम पंचायत बछईपुर के मजरा चैनवापुर निवासी मो. हारुन ने धानेपुर थाने पर तहरीर देकर बताया कि शनिवार को अपनी बहन सायरा बानो को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया। देर रात सामान्य प्रसव से बच्चे का जन्म हुआ। फिर स्टॉफ नर्स ने कहा कि बच्चे को सांस लेने में दिक्कत है, ऑक्सीजन में रखना पड़ेगा। तीमारदार को हटाकर नवजात को अलग कक्ष में ऑक्सीजन लगाकर भर्ती कर दिया। रविवार सुबह स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि उसके बच्चे की मौत हो चुकी है, शव को घर ले जाओ। परिजन जब नवजात का शव लेने पहुंचे तो देखा कि उसके मुंह व चेहरे पर किसी जानवर के काटे जाने का निशान है। नवजात का चेहरा खून से सना था।

सीएचसी अधीक्षक से शिकायत करने पर उल्टे पीड़ितों को ही उचित देखभाल न करने का दोषी बता दिया। परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई। थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर पर प्रसव केंद्र पर रात में ड्यूटी करने वाले कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। इधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमन मिश्रा ने आरोपों को निराधार बताते हुए बच्चे की मौत ऑक्सीजन की कमी से होने की बात बताई।

मुजेहना सीएचसी का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल खबर को संज्ञान में लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तत्काल प्रभाव से सीएमओ को घटना स्थल पर पहुंचने तथा डीएम को मामले की जांच करवाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मामले में डीएम डॉ. उज्जवल कुमार का कहना है कि सीएचसी पर नवजात के जंगली जानवर के नोचे जाने का मामला प्रथम दृष्टया गंभीर लग रहा है। पूरे मामले की जांच के लिए सीडीओ व सीएमओ की अगुवाई में टीम गठित कर दी गई है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks