
शाहजहांपुर में पकड़े गए बदमाशों की एटा पुलिस लेगी रिमांड
एटा। शाहजहांपुर में 22 अगस्त को सदर थाना पुलिस व एसओजी ने पंखिया गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इन बदमाशों ने एटा जनपद के गढ़िया जगन्नाथ में हुई चोरी की घटना को कबूल किया है। राजा का रामपुर थाना पुलिस इनको रिमांड पर लाने की तैयारी कर रही है।
राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया जगन्नाथ निवासी कश्मीर सिंह के घर तीन अगस्त की रात 21 लाख के जेवरात और 14 हजार की नकदी चोरी हुई थी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन आलोक कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा अगले दिन जांच के लिए गांव गए थे। 22 अगस्त को शाहजहांपुर पुलिस व वहां की एसओजी टीम ने आम के बाग से पंखिया गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने गोरखपुर, कुशीनगर व एटा में चोरी की बात को कबूल किया। बताया कि तीन अगस्त को गढ़िया जगन्नाथ में भी चोरी की थी।
सूचना पर राजा का रामपुर थानाध्यक्ष संजय राघव शाहजहांपुर गए और आरोपियों से पूछताछ की थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों द्वारा बताया गया कि वह चोरी करने कार से पहुंचे थे। कार को दूसरी जगह छोड़ दिया था। चोरी करने के बाद कार से ही निकल आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शाहजहांपुर पुलिस द्वारा आरोपियों को जेल भेजा गया है। न्यायालय से आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए लाएंगे।