ट्रेन में बम होने की फैला दी झूठी अफ़वाह, दहशत में रहे यात्री

आगरा झांसी से अमृतसर जा रही ताज एक्सप्रेस ट्रेन में बम की फर्जी सूचना देने वाले युवक को आखिरकार जीआरपी आगरा कैंट ने गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी आगरा कैंट ने युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। जीआरपी का कहना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पूछताछ में उसने बताया कि उसे किसी ने टॉफी दी और कहा कि ट्रेन में बैठे लोगों को बता दो कि ट्रेन में बम है।
जीआरपी आगरा कैंट को बीती रात ताज एक्सप्रेस गाड़ी में बम होने की सूचना मिली थी। जीआरपी आगरा कैंट के अधिकारियों का कहना है कि जिस युवक को पकड़ा गया है उस युवक से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह आगरा कैंट स्टेशन पर घूम रहा था। तभी एक युवक ने उसे चॉकलेट दी और कहा कि ट्रेन में बैठे लोगों से बता दो कि ट्रेन में बम है। जान बचानी है तो ट्रेन से उतर जाएं। वह प्लेटफार्म पर खड़ी गाड़ी के पास गया और खिड़की पर बैठे युवक से ऐसे कह दिया।
जीआरपी आगरा कैंट के अधिकारियों ने बताया कि शाम लगभग 7:00 बजे ताज एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन से गुजर गई थी। उस ट्रेन में बैठी पैसेंजर ने आरपीएफ और जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। कंट्रोल रूम से सूचना आगरा कैंट जीआरपी को मिली। तब तक गाड़ी मथुरा पहुंच चुकी थी और मथुरा में उस गाड़ी को रोका गया। लगभग 2 घंटे तक ट्रेन को खंगाला गया लेकिन चेकिंग के दौरान कुछ भी नहीं मिला जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया था।