
कई प्रदेशों के दलालों से हैं गैंगस्टर रोशनी के संबंध, व्हॉट्सएप पर लड़कियों की फोटो भेज चलता था देह व्यापार
आगरा। गैंगस्टर रोशनी नागवानी देह व्यापार कराने वाली बड़ी खिलाड़ी है। उसका नेटवर्क कई राज्यों में है। आगरा ही नहीं गोवा में भी वह जिस्मफरोशी के लिए युवतियां मुहैया करा देती थी। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन मोबाइल जब्त किए हैं। दो को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मोबाइल गैलरी में पुलिस को देसी-विदेशी दर्जनों युवतियों के अश्लील फोटो मिले। यह फोटो ग्राहकों को युवतियां पसंद कराने के लिए भेजे जाते थे।
रोशनी नागवानी को पुलिस ने एमजी रोड स्थित होटल होलीडे इन से दो युवतियों के साथ गिरफ्तार किया था। एक युवती को उसने 16 हजार रुपये में चार युवकों के साथ भेजा था। कार सवार युवक और युवती मुगल रोड पर पकड़े थे। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने होटल होलीडे इन में दबिश दी थी।
पूछताछ में रोशनी नागवानी ने पुलिस को बताया कि उसने अब बजट होटलों में रुकना छोड़ दिया है। वह बच्चों के साथ गाजियाबाद रहती है। धंधा पुराना वाला ही करती है। युवतियां सप्लाई करती है। आगरा जब भी आती थी सितारा होटलों में रुकती थी। अपने नाम से कमरा बुक नहीं कराती थी। सितारा होटलों में पुलिस जांच करने नहीं आती है। इसलिए महंगे होटलों में कमरा लिया करती थी।
वहां रुकने पर ग्राहक भी युवतियों के ज्यादा रुपये दिया करते थे। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के दलाल उसके संपर्क में रहते हैं। वे उनसे ठेके पर युवतियों को बुलाया करती थी। अपने साथ रखती थी। युवतियों को ग्राहकों के साथ भेजा करती थी। ग्राहक जो रकम देता था उसमें उसका कमीशन होता था। ग्राहक नहीं आने पर युवतियों को रुकने और खाने-पीने का खर्चा उसे उठाना होता था।
रोशनी के पास तीन मोबाइल थे। एक आईफोन, दूसरा मल्टीमीडिया सेट और तीसरा मोबाइल कीपैड वाला था। पुलिस ने बताया कि तीनों नंबरों की कॉल डिटेल निकवाई जा रही है। रोशनी की व्हाट्सएप पर देह व्यापार के पर्याप्त साक्ष्य हैं। ग्राहक उसे मैसेज किया करते थे। वह युवतियों की फोटो व्हाट्सएप करती थी। पुलिस की मानें तो ग्राहकों के नाम उजागर कर दिए जाएं तो कई घरों में रार हो जाएगी। बड़े कारोबारी तक उसके संपर्क में थे। कई होटल कर्मचारियों से उसके संबंध हैं। वे भी रोशनी को फोन करके ग्राहकों के लिए युवतियों की व्यवस्था करते थे।
कई दलालों के नाम बताए
रोशनी ने पूछताछ में एक बार फिर ताजनगरी के कई दलालों के नाम पुलिस को बताए हैं। रोशनी ने पुलिस को बताया कि सिर्फ कोरोना कॉल में देह व्यापार का धंधा कम हुआ था। दोबारा उसी तरह चल रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि दलाल और ग्राहक दोनों सतर्क हो गए हैं। अब ग्राहक अपनी पसंद की जगह युवतियों को ले जाना चाहते हैं।
होटलों में बुक कराते हैं दो कमरे
रोशनी ने बताया कि होटल के कमरे में युवती को साथ लेकर जाओ तो कर्मचारी भी शक की नजर से देखते हैं। सबसे अच्छा तरीका यही है कि ग्राहक अपने नाम से अकेले कमरा बुक कराए। युवती के नाम से दूसरा कमरा बुक कराया जाए। युवक दूसरे के कमरे में जाएं तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती है। पुलिस आ भी जाए तो ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिलेगा जिससे यह साबित कर सके कि दोनों ने एक कमरा बुक कराया था।