मुख्यालय के आसपास ही हो एटा जिला चिकित्सालय का निर्माण
∆ जब्त की जा रही भू माफियाओं की भूमि अथवा किसी अन्य सरकारी भूमि पर हाईवे के किनारे बनाया जाए जिला चिकित्सालय।

एटा । जिस प्रकार से लगातार ही जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय के लिए भूमि तलाशी जा रही है उसको देखते हुए जिला मुख्यालय के नजदीक जिला अस्पताल का निर्माण होना ज्यादा बेहतर रहेगा।
आपको बता दें हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा एटा जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर पुठिया नामक गांव के पास जिला अस्पताल निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन किया गया है जो कि जिला मुख्यालय से काफी दूर पड़ता है।
जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों का तर्क है कि वहां जिला चिकित्सालय बनने से जलेसर एवं मारहरा के लोगों के लिए आसानी हो जाएगी तो मैं बताना चाहता हूं कि अलीगंज कस्बे के लोगों के लिए यह दूरी और बढ़ जाएगी। वैसे भी जिला मुख्यालय से अलीगंज शहर की दूरी लगभग 52 किलोमीटर है, ऐसे में जिला चिकित्सालय उन्हें लगभग 70 किलोमीटर पड़ेगा। ऐसे में जितने में व्यक्ति अलीगंज से एटा जिला चिकित्सालय पहुंचेगा उतने में वह एटा से आगरा भी पहुंच जाएगा। वहीं अधिकतर जनता की भी यही मांग है कि जिला चिकित्सालय का निर्माण जिला मुख्यालय के समीप ही 5 से 7 किलोमीटर के दायरे में हो तो ज्यादा बढ़िया है।
ऐसे में जिला प्रशासन से जनता अपील कर रही है कि जिला चिकित्सालय का निर्माण या तो भू माफियाओं से मुक्त की गई भूमि पर हो या फिर जीटी रोड एनएच 34 पर एटा से मलावन की तरफ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान तक भूमि तलाश कर किया जाना चाहिए।