तय मुहूर्त में खुलेंगे गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ के कपाट, लेकिन यात्रा की अनुमति नहीं

*तय मुहूर्त में खुलेंगे गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ के कपाट, लेकिन यात्रा की अनुमति नहीं*
*#देहरादून:*
देश में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है और यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस बीच, खबर है कि चारधाम यानी गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ धामों के कपाट तय मुहूर्त पर ही खुलेंगे। हालांकि अभी चार धाम यात्रा शुरू नहीं होगी और भक्त ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे। केंद्र की ओर से इस बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद प्रदेश सरकार ने भी साफ कर दिया है कि जब तक कोरोना वायरस काबू में नहीं आ जाता चारधाम में किसी प्रकार की भीड़ नहीं होगी। यानी कपाल खोलते समय परंपरागत ढंग से पूजा-अर्चना होगी, लेकिन सीमित संख्या में लोग हिस्सा ले पाएंगे।
*न चारधाम यात्रा, न ही श्रद्धालुओं को इजाजत*
अभी चारधाम यात्रा शुरू नहीं होगी। वहीं अगले आदेश तक इन चारों धाम पर यात्रियों के आने पर भी रोक है, लेकिन वीडियो अथवा टेली कांफ्रेंसिंग के जरिए लोग चारधाम के दर्शन कर सकेंगे। लॉकडाउन खत्म होने के बाद केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यात्रा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
चारधाम देवस्थानम बोर्ड के सीईओ रविनाथ रमन के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कपाट हर वर्ष की तरह खोले जाएंगे। पूजा-अर्चना में रीति रिवाज के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जाएगा।
यह भी प्रयास किया जाएगा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में होने वाली पूजा-अर्चना को वीडियो या टेली कांफ्रेंसिंग के जरिए लाइव या ऑनलाइन किया जाए। इससे लोग बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन ऑनलाइन कर सकेंगे।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks