डीएम एटा के निर्देशन में माफियाओं पर कार्यवाही निरंतर जारी।
तहसील एटा सदर क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत शराब माफिया अजय यादव की सम्पत्ति कुर्क कर जब्त की गई।

एटा। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देशन में मा0 मुख्यमंत्री जी एवं शासन की मंशानुसार माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के आदेशानुसार शराब माफिया अजय यादव निवासी कोइना थाना बागवाला तहसील एटा सदर की भूमि गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के अंतर्गत उप जिलाधिकारी सदर शिव कुमार द्वारा अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर कुर्क की गई।
उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में तहसील एटा सदर क्षेत्र के अन्तर्गत अभियुक्त अजय यादव उर्फ अर्जुन पुत्र रामवृक्ष यादव निवासी ग्राम कोइना के गाटा संख्या 1695 स रकबा 0.077 हैक्टेयर भाग अन्तर्गत धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट में कुर्क कर जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि माफियाओं के विरूद्ध यह कार्यवाही जारी रहेगी।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कालू सिंह, तहसीलदार सदर चन्द्र प्रकाश सिंह, कानूनगो, लेखपाल, पुलिसबल, क्षेत्रीय ग्रामीणजन आदि मौजूद रहे।