
सीएम पोर्टल पर कब्जे की शिकायत पर वृद्ध को मारी गोली”,
एटा: सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने की सीएम पोर्टल पर शिकायत करने वाले व्यक्ति को प्रधान सहित अन्य लोगों ने फायरिग करते हुए गोली मार दी। इससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। रिपोर्ट घायल के बेटे ने थाना जैथरा में प्रधान सहित 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव खिरिया खबा निवासी मानसिंह ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसकी जानकारी किसी तरह से विपक्ष के लोगों को लग गई। बुधवार शाम को मानसिंह अपने घर पर मौजूद था। आरोप है उसी समय प्रधान बंटी, पूरन सहित 10 लोग उसके घर जा धमके और गाली गलौज करने लगे। इसका जब उसने विरोध किया तो आरोपितों ने ताबड़तोड़ फायरिग करनी शुरू कर दी। इससे मानसिंह के हाथ में गोली लग गई। वहीं फायरिग को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसे लेकर गांव के व्यक्ति ने जानकारी थाना जैथरा पुलिस को दी। पुलिस पहुंच गई। आरोपित फरार हो गए। वहीं रिपोर्ट घायल के बेटे धीरपाल ने प्रधान सहित पांच नामजद और इतने ही अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी जैथरा सुधीर कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जांच कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।