
“गेस्ट हाउस कर्मियों की दबंगई, वाहनों में तोड़फोड़, फायरिग”
एटा: कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड पर स्थित श्री श्याम वाटिका गेस्ट हाउस में देर रात कर्मचारियों और लड़की पक्ष के लोगों में जनरेटर बंद होने पर विवाद हो गया। कर्मचारियों ने बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर लड़की पक्ष के लोगों के साथ जमकर मारपीट की। आधा दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ कर फायरिग की। पांच लोग पुलिस ने हिरासत में ले लिए।
कोतवाली देहात क्षेत्र गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की पांच जून को शादी थी। कोतवाली नगर क्षेत्र शिकोहाबाद रोड स्थित श्री श्याम वाटिका में कार्यक्रम आयोजित किया गया। देर रात करीब 11 बजे लोग डीजे पर नाच रहे थे। उसी समय अचानक जनरेटर बंद हो गया और अंधेरा छा गया। इसे लेकर लड़की पक्ष के लोगों ने गेस्ट हाउस में तैनात कर्मचारी से जनरेटर बंद होने की शिकायत की। इस पर कर्मचारी और लड़की पक्ष के लोगों मारपीट हो गई। उसी समय गेस्ट हाउस कर्मचारी ने फोन करके भगीपुर से अपने मिलने वाले लोगों को बुला लिया। उपद्रवियों ने आनन-फानन में लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपितों ने गेस्ट हाउस के अंदर और बाहर खड़े दो कार सहित छह वाहनों में तोड़फोड़ कर फायरिग कर दी। दोनों तरफ से हुई मारपीट चार लोग घायल भी हो गए। वाहनों में तोड़फोड़ और मारपीट, फायरिग की घटना की जानकारी पर कोतवाली नगर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख कुछ लोग भाग गए, जबकि पुलिस ने बंटू, योगेश, योगेन्द्र, इन्द्रेश, श्यामेन्द्र को हिरासत में ले लिया। उधर, दोनों पक्षों के बीच फैसले के लिए रात से ही पंचायतों का दौरा शुरू हो गया जो सोमवार को भी जारी रहा। इस वजह से तहरीर भी पुलिस के पास नहीं पहुंच पाई। वहीं कोतवाली नगर प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच समझौता हो गया। पकड़े गए लोगों का शांति भंग की धारा में चालान किया गया है।