युवा दिलों की धड़कन राजू आर्य अपना दल(एस) में हुए सम्मिलित,जल्द मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने राजू आर्य को दिए सफलता के गुरु-मंत्र
कई बार जानलेवा हमलों का हुए हैं शिकार,नहीं छोड़ी असहायों की मदद की डगर

एटा/लखनऊ:- अपना दल (सोनेलाल पटेल) पार्टी का सदस्यता ग्रहण समारोह पार्टी के प्रदेश कार्यालय मॉल एवेन्यू लखनऊ के परिसर में धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से सैकड़ों लोगों ने अपना दल एस की सदस्यता ग्रहण की। तथा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा केंद्रीय तथा प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। साथ ही साथ कार्यकारिणी से जुड़े लोगों के नाम तथा पद की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थी जिन्होंने अन्य पदाधिकारियों के साथ नए लोगों को अपने कर कमलों से सदस्यता ग्रहण कराई, वहीं जनपद एटा से सैकड़ों साथियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे रंजीत कुमार उर्फ राजू आर्य को प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री ने अपने कर कमलों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के साथ अपना दल एस की सदस्यता ग्रहण कराते हुए उन्हें राजनीति में सफलता प्राप्त करने का गुरु मंत्र भी दिया। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में रंजीत कुमार उर्फ राजू आर्य भारतीय किसान मंच के प्रदेश प्रभारी तथा सनातन हिंदू वाहिनी के जिला अध्यक्ष पद पर कार्यरत है।
वहीं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल भी मुख्य अतिथि के तौर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद राम प्रताप सिंह सदस्यता अभियान से जुड़े लोगों के सहयोग में जुटे हुए थे। कार्यक्रम के शुभारंभ में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल केंद्रीय मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी गणों ने पार्टी के संस्थापक सोनेलाल पटेल व संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के पदाधिकारी तथा हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के संस्थापक श्रद्धेय सोनेलाल पटेल जी ने जिस उद्देश्य के साथ पार्टी का गठन किया था उनका वह सपना पूरा करने के लिए पार्टी को गरीबों के उत्थान कमजोर तथा निर्मल वंचित तथा दलित एवं पीड़ित लोगों के उत्थान के लिए काम करना है। इसी के साथ समग्र समाज को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी कायम करनी है। उन्होंने भाजपा के साथ अपना दल एस के गठबंधन को सफल बताते हुए कहा कि वह भाजपा से मिलकर दो चुनाव सफलता पूर्वक लड़ चुकी है, और आगामी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को भी भाजपा से मिलकर लड़ा जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा कि पार्टी के पुराने पदाधिकारी सदस्यता ग्रहण करने वाले नए साथियों को पूरे मान सम्मान के साथ गले से लगाये जिससे उन्हें यह महसूस ना हो कि वे नई जगह पर आए हैं। वहीं उन्होंने सदस्यता ग्रहण करने वालों से अपील करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोग सम्मानित हैं, सदस्य जनों को पार्टी के अनुशासन संविधान एवं कार्यक्रम व कर्तव्य का सही रूप से निर्वहन करने का लक्ष्य होना चाहिए। इसी सामंजस्य से अपना दल एस राजनीति में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकता है। बाद में उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी।
गौरतलब है कि रंजीत कुमार उर्फ राजू आर्य जनपद एटा के जाने माने चर्चित युवा नेता हैं एवं युवाओं के दिलों में अपना एक अलग स्थान रखते हैं। विदित है कि आर्य द्वारा मारहरा ब्लॉक पर वर्ष 2016 एवं 2018 में निवर्तमान ब्लॉकप्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था जिसके बाद से ही वे जनपद एवं मंडल की राजनीति का चर्चित चेहरा बनकर उभर चुके हैं। राजू आर्य अपने बेबाक एवं बेखौफ अंदाज एवं असहायों की बुलंद आवाज़ के तौर पर जाने जाते हैं जिसके चलते उनके ऊपर कई बार जानलेवा हमले भी हो चुके हैं एवं शार्पशूटरों की गोलियों का निशाना भी बन चुके हैं बावजूद इसके उन्होंने अपने जीवन को ताक पर रखते हुए न ही अपने बेखौफ अंदाज में कोई परिवर्तन लाया और न ही असहायों की आवाज़ बनने से अपने कदम पीछे हटाये। यही मुख्य कारण है कि आर्य को जनपद के सभी युवा हाथों हाथ लेते हैं। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसा अनुमान है कि जल्द ही रंजीत कुमार उर्फ राजू आर्य को पार्टी कमान द्वारा कोई विशेष एवं बड़ी जिम्मेदारी की कमान सौंपी जा सकती है।