
प्रथम श्रेणी के आठ, द्वितीय में पास होने के लगेंगे चार हजार रुपये
एटा। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को फेल होने का डर दिखा पास कराने के लिए ठगों द्वारा कॉल किए जा रहे हैं। शुक्रवार को जिले के दो विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कॉल किए गए। फेल बताकर फर्स्ट डिवीजन में पास कराने के लिए आठ और सेकेंड डिवीजन में पास कराने के लिए चार हजार रुपये मांगे। इसकी जानकारी उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दी। इसके बाद डीआईओएस ने ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जनकल्याण इंटर कॉलेज सिकरारी लालपुर के प्रधानाचार्य विवेक प्रताप सिंह ने बताया कि उनके विद्यालय के छात्र-छात्राओं से रुपये मांगने के लिए कॉल किया गया है। ठगों ने गूगल पे के माध्यम से रकम भेजने को भी कहा। इन बच्चों की जानकारी पर अन्य सभी बच्चों को सावधान किया और किसी को रकम भेजने के लिए मना किया। इस मामले की लिखित में जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक को भी दी गई है। वहीं लटूरी सिंह इंटर कॉलेज धुमरी के दो परीक्षार्थियों ने भी अपने प्रधानाचार्य से शिकायत की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले दो विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के पास ठगों द्वारा कॉल किए गए हैं। ठगों का गैंग जिले के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी सक्रिय है। कई जिलों में ऐसे कॉल करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज भी किए गए हैं। इस संबंध में माशिप उप्र प्रयागराज सचिव ने आदेश जारी किए हैं। परीक्षार्थियों व अभिभावकों को सतर्क रहने व झांसे में न आने को कहा गया है।