
सहकारी बैंक के 84 बकाएदारों के वारंट जारी, 29 गिरफ्तार
एटा। जिला सहकारी बैंक के बड़े 84 बकाएदारों के खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। इनसे अलग 29 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जिनसे 41 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा बैंक ने एक लाख रुपये से अधिक के 381 बकाएदारों की सूची तैयार की है।
जिला सहकारी बैंक एटा और कासगंज में 381 बकाएदार हैं, इनकी सूची जारी की गई है। बकाएदारों को बैंक की ओर से एकमुश्त समाधान योजना के तहत रकम जमा करने पर ब्याज में छूट देने का प्रावधान भी किया गया था। एटा में 246 बकाएदारों की सूची बनी। इन पर बैंक का तीन करोड़ 26 लाख रुपये बकाया है। जबकि कासगंज के 135 बकाएदारों पर 94 लाख 32 हजार रुपये कर्ज है। जिनके द्वारा लंबे समय तक बकाया धनराशि जमा न करने पर बैंक ने सख्ती बरतते हुए एटा के नौ बड़े बकाएदारों को गिरफ्तार कर 15 लाख रुपये की वसूली की।
जबकि कासगंज के 20 बकाएदारों को गिरफ्तार कर 26 लाख रुपये वसूले गए। जिला सहकारी बैंक द्वारा संबंधित तहसीलदार न्यायालयों के माध्यम से एटा के 44 और कासगंज के 40 कर्जदारों के वारंट जारी कराए हैं। इनके खिलाफ छापामार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इन 84 बकाएदारों पर एक करोड़ 27 लाख रुपये बकाया है।