
लूट का षड्यंत्र रचते दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
एटा। जैथरा थाना पुलिस ने मंगलवार रात लूट का षड्यंत्र रचते दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। आरोपियों ने सकीट और कोतवाली देहात क्षेत्र में लूट की घटनाओं को कबूला है। लूटी हुई मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल बरामद किया गया है। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने पुलिस लाइन में बताया कि काली नदी पुल के पास मंगलवार रात दो बदमाश लूट का षड्यंत्र रच रहे थे। सूचना पर जैथरा थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
बाद में घेराबंदी कर टीम ने सकीट थाना क्षेत्र के गांव नयनपुर निवासी दीपक और गांव दौलतपुर निवासी ओमपाल को पकड़ लिया। उन्होंने कबूल किया कि 30 मई की रात 12:20 बजे सकीट थाना क्षेत्र में तमंचा दिखाकर बाइक लूटी थी। वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र में 30 मई की रात 10 बजे बाईपास हाइवे से फर्रुखाबाद जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव गुढ़वाया निवासी व्यक्ति से मोबाइल और 1200 रुपये की लूट की थी। एसएसपी ने बताया कि दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं। महंगे कपड़े व शौक पूरे करने के लिए लूट की घटना को अंजाम देते हैं।