“फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

घटना से पूर्व ननिहाल से लौटकर आया था फोरेंसिक टीम ने की जांच पड़ताल”
एटा: थाना जलेसर क्षेत्र के मुहल्ला गोलाकुआं में युवक का शव फंदे से उसके ही पुराने घर में लटका मिला। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। स्वजन हत्या की आशंका जता रहे, जबकि पुलिस खुदकुशी बता रही है। घटना से जुड़े सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल की।
कस्बा जलेसर निवासी 20 वर्षीय अंकित कुमार अपनी ननिहाल फिरोजाबाद के सैलई गांव में गया था। गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे घर लौटा। इसके बाद वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। उसकी तलाश की। इस दौरान मृतक का चाचा राजेश देर शाम अपने पुराने घर गया। जहां उसने अंकित का फंदे से लटकता हुआ शव देखा। जलेसर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंच गई। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे स्वजन ने युवक की हत्या करने की आशंका जताई। वहीं थाना प्रभारी जलेसर देवेन्द्र नाथ मिश्रा ने बताया कि प्रथम जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मार्च में बंटवारे के विवाद में पिता की हो चुकी है मौत
जमीन के विवाद को लेकर मृतक अंकित के पिता अभिनास कुमार का 16 मार्च को परिवार के ही लोगों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसमें अभिनास सिर में चोट लगने से घायल हो गए थे। इससे उनकी उपचार के वक्त 20 मार्च को मौत हो चुकी है। स्वजन ने बताया कि उस मामले में मृतक वादी था।