आजम परिवार की मुश्किलें और बढ़ीं, अब बेटे अब्‍दुल्‍ला आजम और पत्‍नी तंजीन फातिमा के खिलाफ जारी हुआ वारंट

आजम परिवार की मुश्किलें और बढ़ीं, अब बेटे अब्‍दुल्‍ला आजम और पत्‍नी तंजीन फातिमा के खिलाफ जारी हुआ वारंट

 आजम खान को कल शत्रु सम्‍पत्ति मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई लेकिन उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब उनके बेटे और सपा विधायक अब्‍दुल्‍ला आजम के साथ-साथ पत्‍नी तंजीन फातिमा के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हो गया है। बताया जा रहा है दो जन्‍म प्रमाण पत्र मामले में कई तारीखों पर न पहुंचने के चलते कोर्ट ने यह वारंट जारी किया है।

इस मामले में गवाह सेंट पाल्‍स स्‍कूल के प्रधानाचार्य कोर्ट पहुंचे थे लेकिन जिरह नहीं हो सकी। अब्‍दुल्‍ला आजम के वकील ने उनकी हाजिरी माफी के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इस प्रार्थना पत्र को अस्‍वीकार करते हुए कोर्ट ने वारंट जारी कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछली कई तारीखों से अब्‍दुल्‍ला आजम और उनकी मां तंजीन फाजिमा मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट नहीं पहुंच रहे हैं।

दोनों को 10 महीने तक जेल में रहने के बाद दिसम्‍बर 2020 में जमानत पर सीतापुर जेल से रिहा किया गया था। इसी जेल में आजम खान 26 महीने से बंद चल रहे हैं। उनके खिलाफ 89 मामले दर्ज हैं जिनमें से 88 में उन्‍हें जमानत मिल चुकी है।

विधायक अब्‍दुल्‍ला आजम के अलग-अलग जन्‍मतिथि के दो जन्‍म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट और दो पैन कार्ड बनाने के मामले में भाजपा नेता आकाश सक्‍सेना ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए थे। जन्‍म प्रमाण पत्र मामले में अब्‍दुल्‍ला के अलावा उनके पिता आजम खान और मां पूर्व सांसद डा.तंजीन फातिमा भी नामजद हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks