
एटा में शादी से लौट रहे तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम
एटा में एक सड़क हादसे में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई। तीनों लोग एक ही गांव के थे। पड़ोस के गांव में शादी में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। मामले की जानकारी परिजनों को दी गई है। पड़ोस के जनपद फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव नगला गडरिया निवासी सुखराम (25) पुत्र हरदयाल की फुफेरी सास की बेटी की एटा के थाना रिजोर क्षेत्र के गांव सराय में शादी थी।
वे अपने साथ गांव के ही सोनेलाल (40) पुत्र दामोदर सिंह, योगेश (19) सुम्मेर सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर गया। रविवार की देरशाम को बाइक पर सवार होकर गांव के लिए जा रहे थे। बाइक सवार तीनों लोग शिकोहाबाद रोड स्थिति डीपीएस स्कूल के पास पहुंचे तभी किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस पहुंची तब तक मौके पर योगेश और सोनेलाल ने मौके ही दम तोड़ दिया। सुखराम को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर दर्जनों की संख्या में लोग एटा पहुंच गए। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक साथ गांव में तीन लोगों की मौत से गांव में मातम छाया है।