
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर होगी कार्रवाई
एटा , ईद-उल-फितर, बुद्ध पूर्णिमा पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों को प्रेम, भाईचारा एवं आपसी सौहार्द कायम रखते हुए मनाया जाए। जनपद में आपसी सौहार्द की मिशाल कायम रहनी चाहिए।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने बैठक में प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने को निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम में वालिण्टियर की मदद लेने का आहवान किया। डीएम ने कहा कि जनपद में आगामी त्योहारों को परम्परागत तरीके से मनाया जाए। उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों ने गए सुझावों के उपरान्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों पर धार्मिक स्थलों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर समुचित साफ सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत, जलापूर्ति के भी समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि सामाजिक समरसता को बनाए रखने में सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित होना चाहिए। जनपद में गंगा जमुनी तहजीब की मिशाल को और अधिक बेहतर ढंग से मजबूती प्रदान की जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें। एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपीधनंजय सिंह कुशवाह ने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़़ी निगरानी रखी जा रही है। अनावश्यक टिप्पणी करने, भड़काऊ पोस्ट डालने, फारवर्ड करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एसडीएम सदर शिव कुमार, एसडीएम अलीगंज मानवेन्द्र सिंह, एएसडीएम वेद प्रिय आर्य, सीओ कालू सिंह, सीओ राघवेन्द्र सिंह, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधिगण, संभ्रान्त नागरिक आदि मौजूद रहे।