आरोपी के घर बैठी रेप पीड़िता बोली- हमारी शादी कराओ

संत कबीर नगर महुली थाना क्षेत्र के एक गांव में चौबीस घण्टे से अधिक समय बीत गया लेकिन अभी भी रेप के मामले में जेल से छूटे आरोपी के घर पीड़िता डेरा जमाए हुए है। बुधवार को युवती को समझाने पहुंचे तहसीलदार रत्नेश तिवारी, महिला नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी के साथ वार्ता भी हुई जो बेनतीजा रही। इस कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। युवती को आक्रोशित होता देख आरोपी युवक के परिजन फरार हो गए हैं। डर के कारण घर नहीं लौट रहे हैं।
दुष्कर्म के मुकदमे में कुछ माह पूर्व जेल से छूटे आरोपी के घर पर आरोप लगाने वाली युवती मंगलवार को अचानक पहुंच गई। युवती के पहुंचने से गांव में अफरा तफरी मच गई। पीड़ित युवती खुद को एक कमरे में बंद कर लिया । सूचना पर महिला सिपाही के साथ पुलिस पहुंची। काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। युवती अपनी बात पर अडिग रही। मजबूरन आरोपी की मां, भाभी सहित अन्य लोग घर छोड़कर कही चले गए। घर पर युवती ने कब्जा जमा लिया। 24 घण्टे से अधिक समय से युवती आरोपी के घर पर डेरा जमा रखी है। बुधवार को अपराह्न में तहसीलदार रत्नेश तिवारी, नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी पहुंचे। युवती को घण्टों तक समझाया, लेकिन वह शादी की मांग को लेकर अडिग रही। वार्ता में कोई निष्कर्ष निकलता नही देख दोनों तहसीलदार बैरंग लौट गए। उक्त लड़की आरोपी युवक के घर पर डेरा जमाए हुए है। उसकी जिद है कि वह उसी युवक से शादी करेगी। पुलिस व प्रशासन के अलावा ग्रामीण भी हैरान व परेशान हैं। क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।