MLC चुनाव में हार पर अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, कहा-भाजपा ने मनमानी और धांधली की हदें पार कीं

MLC चुनाव में हार पर अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, कहा-भाजपा ने मनमानी और धांधली की हदें पार कीं

लखनऊ
यूपी एमएलसी चुनाव में मिली करारी हार के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पहला बयान आया है। अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी की हार को लेकर भाजपा पर कई आरोप लगाए। अखिलेश ने यहां तक कहा कि भाजपा ने मनमानी और धांधली की सभी हदें पार कर दी हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है। भाजपा को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।

यूपी में एमएलसी की 36 सीटों पर हुए चुनाव में 33 सीटें भाजपा ने जीती हैं। सपा का सूपड़ा साफ हो गया है। अखिलेश यादव ने रिजल्ट पर बयान जारी करते हुए कहा कि दूसरों को जातिवादी बताने वाली भाजपा की ये सच्चाई है कि एमएलसी चुनाव की 36 सीटों में से 18 पर मुख्यमंत्री के स्वजातीय जीते हैं। एससी-एसटी, ओबीसी को दरकिनार कर ये कैसा ‘सबका साथ, सबका विकास‘? अखिलेश ने कहा कि सामाजिक न्याय को लोकतंत्र के जरिए मजबूत करने की लड़ाई समाजवादी लड़ते रहेंगे।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा को संविधान, लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की प्रक्रिया में जरा भी विश्वास नहीं है। वह धन-बल और छल से येन-केन-प्रकारेण सत्ता में बने रहने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के साथ ही लोकतंत्र की सभी मर्यादाओं को भी तार-तार करने में लगी है। पंचायत चुनावों के बाद, विधानसभा चुनाव और अब स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव में भाजपा ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कुचलने का ही काम किया है।

समाजवादी पार्टी ने पहले ही भाजपा की साजिशों के बारे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर सचेत कर दिया था कि भाजपा एमएलसी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। यह लोकतंत्र और संविधान दोनों का संक्रमण काल है।
गौरतलब है कि 36 सीटों पर हुए चुनाव में 9 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध घोषित हो चुके थे। 27 सीटों पर हुए चुनाव में से 24 पर भाजपा और तीन सीटों पर अन्य ने जीत हासिल की है। इस तरह भाजपा ने 36 में से 33 सीटें जीत ली हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks