गेहूं खरीद केन्द्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने गेहूं खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश
शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं खरीद सुनिश्चित की जाये-एडीएम वित्त एवं राजस्व

एटा। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह ने गुरूवार को 07 गेहूं क्रय केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। एडीएम ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित केन्द्र प्रभारियों से गेहूं क्रय के संबंध में जानकारी करते हुए किसानों के पंजीकरण कराये जाने एवं क्रय में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रय केन्द्रों पर किसानों को मूलभूत सुविधाएं अवश्य उपलब्ध कराई जाएं।
अपर जिलाधिकारी ने मण्डी समिति में दो केन्द्र, साधन सहकारी समिति लालगढ़ी क्रय केन्द्र, केन्द्रीय उपभोक्ता भण्डार मण्डी समिति, सहकारी क्रय विक्रय समिति सीएमएस अलीगंज रोड, क्षेत्रीय सहकारी समिति अलीगंज रोड, जिला सहकारी संघ अलीगंज रोड स्थित क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। एडीएम ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केन्द्र समय से खोले जाएं तथा अच्छे किसानों के साथ सम्पर्क स्थापित कर गेहूं खरीद आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष सुनिश्चित की जाए।
एडीएम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2022-23 हेतु गेहॅूं का समर्थन मूल्य 2015 रूपये प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया हैं। जनपद एटा में इस वर्ष समस्त क्रय संस्थाओं के कुल 72 गेहॅू क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। शासन द्वारा जनपद हेतु 76000 मीट्रिक टन लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं।