
आराध्या ट्रामा सेंटर सहित तीन अपंजीकृत हॉस्पिटल सील
एटा।सोमवार को जिले में स्वास्थ्य विभाग ने ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई कर आराध्या ट्रामा सेंटर सहित तीन अस्पतालों को सील करने की कार्रवाई की है। इसके साथ ही तीन अन्य क्लीनिकों को नोटिस देने का कार्य किया है। छापामार कार्रवाई से अपंजीकृत क्लीनिक, नर्सिगहोम, प्रसव केन्द्र संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
सोमवार देरशाम आगरा रोड पर ईसन नदी किनारे स्थित आराध्या ट्रामा सेंटर मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पीटल पर अपंजीकृत नोडल अधिकारी डा. सर्वेश, एएसडीएम कुलदेव सिंह ने छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पाया कि जिस चिकित्सक के नाम पर हास्पीटल पंजीकृत किया गया है। वह यहां पर बैठता ही नहीं है। अस्पताल में अन्य चिकित्सकों के सहारे मरीजों को उपचार दिलाने का कार्य किया जा रहा है। जिसको लेकर डीएम से शिकायत की गई। डीएम से हुई शिकायत के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल पर पहुंचकर सील करने की कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां पर अस्पताल के साथ-साथ वेसमेंट में संचालित हो रही पैथोलॉजी को भी सील करने की कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान टीम को अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। टीम ने मौजूद अस्पताल स्टाफ को सील की कार्रवाई कर नोटिस थमाया है। अपंजीकृत नोडल अधिकारी डा. सर्वेश ने बताया कि आज उन्होंने रिजोर में अपंजीकृत हाईटेक पैथोलॉजी को सील किया है। जिसका संचालक नगला पुखे निवासी अंकित कुमार पुत्र सतीश चंद्र शाक्य एक संगीन मामले में फरार चल रहा है। इसके अलावा उन्होंने शिकोहाबाद रोड पर साक्षी आश्रम के सामने स्थित पंचशील हास्पीटल को सील करने की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि छापामार कार्रवाई के दौरान अस्पताल में जिस चिकित्सक के नाम का बोर्ड लगा था वह मौजूद नहीं मिले। अस्पताल में अपंजीकृत चिकित्सक से मरीजों को उपचार दिलाया जा रहा था। टीम के पहुंचने पर मरीज भी वहां से चले गए। नोडल अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा फफोतू में अपंजीकृत क्लीनिक, गंगनपुर में अपंजीकृत हास्पीटल संचालक को नोटिस देने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा शहर के रैवाड़ी मोहल्ला स्थित अपंजीकृत कल्पना प्रसव केन्द्र को जिला मलेरिया अधिकारी रामप्रसाद शर्मा ने टीम सहित पहुंचकर सील करने की कार्रवाई की है। नोडल अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अपंजीकृत चिकित्सकों, क्लीनिक, नर्सिगहोम के विरुद्ध अभियान शुरू किया है। यह अभियान जनपद में लगातार चलाया जाएगा।
डीएम के निर्देश पर सोमवार को जनपद में वृहद स्तर पर अपंजीकृत हास्पीटल, नर्सिगहोम, पैथोलॉजी, क्लीनिक संचालकों के विरुद्ध छापामार अभियान की शुरूआत की गई है। जिसके लिए सोमवार को दस टीमों ने जनपद के आठ से दस स्थानों पर छापामार कर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।-डा. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमओ, एटा