
चौराहों से लेकर तहसील तक वाटर कूलर खराब
एटा -जलेसर गर्मी लगातार बढ़ रही है। तल्ख धूप में बाहर निकलने वाले लोगों की आंखें ठंडे पानी की तलाश में रहती हैं, लेकिन नगर में लगे वाटर कूलर खराब पड़े हैं। चौराहों से लेकर तहसील तक लगे वाटर कूलर से सादा पानी निकल रहा है। जिससे राहगीर और वादकारियों को प्यास बुझाना मुश्किल हो रहा है।
नगर पालिका परिषद ने राहगीरों को शुद्ध व ठंडा पानी मुहैया कराने के लिए तहसील परिसर गेट, आगरा चौराहा, गांधी चौक, शेरगंज, बाईपास रोड, विधायक आवास, पालिकाध्यक्ष कैंप कार्यालय, जीजीआईसी गेट, स्टेट बैंक, चिंताहरण मंदिर पर आरओ वाटर कूलर लगवाए हैं, लेकिन ये काम नहीं कर रहे हैं। तहसील परिसर के मुख्य द्वार पर लगे वाटर कूलर से गर्म पानी आ रहा है। यहां हर दिन सैकड़ों वादकारी, शिकायतकर्ता, बैनामा आदि से संबंधित लोग पहुंचते हैं।
ऐसी भीषण गर्मी के बीच ठंडे पानी की मशीन देख लोग उत्साह के साथ वहां पानी पीने पहुंच रहे थे, लेकिन पानी सादा देख निराशा हाथ लग रही थी। अपने काम के सिलसिले में तहसील आए सुरेश चंद्र, अरविंद कुमार, मोहित कुमार, सचिन बाबू, वीरेश कुमार, अनुज आदि ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से वाटर कूलर गर्म पानी दे रहे हैं। यहां काफी दूर तक के लोग आते हैं, जो यात्रा के दौरान गर्मी और प्यास से अकुला जाते हैं। ठंडा पानी न मिल सके तो ऐसे वाटर कूलर का क्या लाभ? यही हाल चिंताहरण मंदिर के बाहर लगे वाटर कूलर का है। यहां भी बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है।