
रेलवे स्टेशन : हर रोज ठंडे पानी के लिए भटक रहे 500 यात्री
एटा। रेलवे स्टेशन पर हर रोज आने वाले करीब 500 यात्री इन दिनों तल्ख गर्मी के बीच ठंडे पानी के लिए भटक रहे हैं। यूं तो यहां वाटर कूलर लगाया गया है, लेकिन यह काम नहीं कर रहा और सादा पानी आग उगल रहा है। जबकि गर्मी के चलते अन्य नलों पर गर्म पानी निकल रहा है। ऐसे में यात्रियों को प्यास बुझाना मुश्किल हो रहा है। लोग वहां लगे हैंडपंप का सहारा ले रहे हैं।
स्टेशन पर आगरा और टूंडला से दो जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है। विभिन्न स्टेशनों से इसमें आने और यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या रोजाना 500 तक पहुंचती है। जबकि टिकट आरक्षण के लिए भी तमाम लोग स्टेशन पर आते हैं। मंगलवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। जिसके चलते सुबह 11 बजे से ही लोग गर्मी से परेशान थे और उनके गले सूखने लगे। सादा पानी से प्यास बुझाना मुश्किल हो गई।
दोपहर 12 बजे रेलवे स्टेशन पर कुछ यात्री बैठे थे। कुछ लोग टिकट के आरक्षण के लिए आ रहे थे। तेज धूप और गर्मी के बीच प्यास बुझाने के लिए लोग प्लेटफॉर्म के एक सिरे पर लगे वाटर कूलर की ओर उम्मीद से पहुंचते, लेकिन इसमें से निकल रहे गर्म पानी को देख मायूस हो रहे थे। पास ही लगे हैंडपंप में अपेक्षाकृत पानी ठंडा था। ऐसे में लोग इसी के जरिये प्यास बुझा रहे थे।
स्टॉल भी नहीं, जो खरीद लें ठंडा पानी
कम ट्रेनों के संचालन की वजह से स्टेशन पर कोई स्टॉल भी नहीं है। ऐसे में यात्रियों को रुपये खर्च करके भी ठंडा पानी नहीं मिल पाता है। जबकि कई यात्रियों का कहना है कि कोई स्टॉल हो तो इतनी गर्मी में प्यास बुझाने के लिए पैसे खर्च कर पानी तो पी सकते हैं