
सभी थानों में की जाएगी साइबर अपराध जानकारों की तैनाती : डीआईजी
एटा। डीआईजी अलीगढ़ परिक्षेत्र दीपक कुमार मंगलवार को एटा पहुंचे। यहां महिला थाने के पास नवनिर्मित अपराध शाखा भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे में सभी थानों में इस तरह के अपराधों की जानकारी रखने वाले पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी।
डीआईजी ने कहा कि अब अपराध का पैटर्न बदला है। छोटे-छोटे शहरों में भी साइबर अपराध होने लगे हैं। एसएसपी को निर्देश दिए कि जिले में जो भी साइबर अपराध के जानकार पुलिसकर्मी हैं, उन्हें थानों में तैनात किया जाए। जिससे छोटी-छोटी समस्याओं को थाना स्तर पर ही निस्तारित किया जा सके। यह भी कहा कि जिले में साइबर टीम ने अच्छा कार्य किया है।
बड़ी संख्या में लोगों की धनराशि वापस कराई है। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने परिवार परामर्श केंद्र पर शहर के संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। कहा कि महिलाओं के हित में कानून बनने से उनमें जागरूकता आई है। महिलाएं अपने हक की बात करने लगी है। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय फिर पुलिस लाइन पहुंच कर निरीक्षण किया। कोतवाली नगर और पिलुआ थाने में निरीक्षण के दौरान हवालात, कंप्यूटर कक्ष सहित अन्य जानकारी संबंधित थाना पुलिस से ली।