
बैंकों में दो दिन के लिए कार्य बहिष्कार, लोग परेशान
एटा – सोमवार को ऑल इंडिया बैंक इम्पाईज एसोसिएशन के आव्हान पर सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल करते हुए कार्य बहिष्कार किया। इसके कारण बैंकों में ताले पडे रहने से उपभोक्ताओं को बैंकिंग कार्यो से संबंधित अनेकों समस्याओं का सामना करना पडा। जनपद भर में करीब एक अरब का लेन देन प्रभावित हुआ।
बैंक कर्मियों ने लाखों कामगरों एवं उनकी मांगों के समर्थन में युद्धघोष का पोस्टर बैंकों के बाहर चस्पा करते हुए कार्य बहिष्कार किया। बैंक कर्मियों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बैंकों का निजीकरण बंद किया जाए, सभी अनुबंध कर्मचारियों और बीसी को नियमित किया जाए। सजावटी छटनी बंद कर खराब ऋण की वसूली शुरू कराई जाए। नई पेंशन योजना को निरस्त कर पुरानी पेंशन बहाल की जाए। महंगाई भत्ते से जुडी पेंशन योजना बहाल की जाए। कैनरा बैंक की 68 शाखाओं में काम प्रभावित हुआ। अन्य बैंक शाखाओं में भी काम का यही हाल रहा। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में हड़ताल होने से भी परेशानी उठानी पड़ी।