
नर्सरी के छात्र के साथ पड़ोसी ने किया कुकर्म – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – मडराक क्षेत्र के नगला मंदिर इलाके के एक चार साल के बालक के साथ पड़ोसी ने कुकर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात कर आरोपी फरार हो गया। देर शाम को बालक घर के पास एक खंडहरनुमा घर में बदहवास हालत में मिला। परिवार वाले उसे उपचार के लिए ले गए। होश में आने के बाद बालक ने वारदात का खुलासा किया। पिता की तहरीर पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।वाकये के मुताबिक नगला मंदिर इलाके के एक मूर्ति ढलाई कारीगर के परिवार में तीन बच्चे हैं। चार साल का बेटा, जो कि दूसरे नंबर का है। वह नर्सरी कक्षा में पढ़ता है।कल दोपहर को वह घर में खेल रहा था। पिता मजदूरी करने गए थे। मां नहाने चली गई थी। इसी दौरान 20 वर्षीय पड़ोसी चिंटू घर पर आया। बालक को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। घर के पास बने एक खंडहरनुमा घर में उसके साथ कुकर्म किया। बालक बदहवास हो गया। इस पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर, काफी देर तक बालक घर पर नहीं मिला तो मां ने तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक सुराग नहीं लगा। इस पर मां ने बच्चे के पिता को सूचना दी। पिता ने घर आकर इलाके में तलाश शुरू की। तभी मोहल्ले के कुछ बच्चों ने बताया कि चिंटू उसने अपने साथ खंडहरनुमा घर की ओर ले गया था। पिता सहित परिवार वाले वहां पहुंचे, तो उनको बच्चा बदहवास हालत में मिला। बच्चे को उठाकर वह अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को होश आया तो उसके आरोपी चिंटू की शर्मनाक करतूत का राजफाश कर दिया। बच्चे के पिता ने बताया कि वह चिंटू के घर पहुंचे तो परिवार वालों ने उनकी शिकायत का ही विरोध किया। इस पर मौके पर पुलिस को बुला लिया। आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर बालक का मेडिकल कराया। वहीं, तहरीर के आधार पर आरोपी चिंटू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल वह फरार है। तलाश जारी है।