
चंद कदम की दूरी पर थे पिता, तभी बेटे ने केरोसिन डालकर खुद को लगा ली आग
एटा – जिले के व्यस्त आगरा रोड पर एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ने बमुश्किल आग को बुझाया। युवक को गंभीर जली अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर किया गया है।
पिता के सामने बेटे ने खुद के लगा ली आग
पिता के सामने बेटे ने खुद के लगा ली आग
शहर के व्यस्त मार्ग आगरा रोड पर बृहस्पतिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। पिता के सामने ही उसने घटना को अंजाम दिया। गंभीर स्थिति में उसे मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर किया गया है।
शहर के सिविल लाइन मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय राहुल बृहस्पतिवार की शाम को हाथ में केरोसिन की कट्टी लिए अचानक तिराहे पर आ गया। पीछे-पीछे उसके पिता प्रभात भी पहुंच गए, जो चंद कदम की दूरी पर थे, तभी राहुल ने केरोसिन डालकर माचिस की तीली से खुद को आग लगा ली। आसपास के लोग कुछ समझ पाते इससे पहले आग की लपटें विकराल हो गईं।
नहीं पता चला, क्यों लगाई युवक ने खुद को आग
लोगों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां से चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। शहर कोतवाल डीएन मिश्रा ने बताया युवक द्वारा आग लगाई गई है। उसे आगरा रेफर किया गया है। युवक ने ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।