
बोर्ड परीक्षा तैयारियों को लेकर केंद्र व्यवस्थापको के साथ बैठक – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देशों के क्रम में नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा 2022 के 153 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापको की बैठक जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा द्वारा आहूत की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री शर्मा ने समस्त केंद्र व्यवस्थापको को अपने अपने केंद्रों की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। क्योंकि बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च 2022 से प्रारंभ होने जा रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा केंद्र व्यवस्थापको को केंद्रों पर निम्न व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से करने के निर्देश प्रदान किए। ताकि बोर्ड परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
1-परीक्षा कक्षो में सीसीटीवी कैमरे एवं वॉइस रिकॉर्डर की व्यवस्था तथा कंट्रोल रूम में एलईडी, राउटर एवं डीवीआर की व्यवस्था तथा 6 जीबी इंटरनेट के साथ क्रियाशील रखने की व्यवस्था।
2-केंद्र पर आवंटित परीक्षार्थियों के सापेक्ष पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था।
3-प्रश्न पत्रों के रखरखाव हेतु डबल लॉक अलमारी की व्यवस्था, साथ ही डबल लॉक अलमारी सीसीटीवी कैमरे की पूर्ण निगरानी में रखने की व्यवस्था।
4-केंद्र पर विद्युत/ जनरेटर/ इनवर्टर की व्यवस्था तथा समस्त परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था। इसके लिए प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त वाट की एलइडी बल्ब की व्यवस्था।
5-परीक्षा केंद्र पर शुद्ध पेयजल एवं छात्र/छात्राओं के अलग-अलग शौचालय तथा साफ सफाई की व्यवस्था।
6-परीक्षा केंद्र पर एक संपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम एवं दो दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था।
7-परीक्षा केंद्र पर अग्निशमन की व्यवस्था तथा लॉग बुक रजिस्टर तैयार करना। जिसमें डबल लॉक को खोलने एवं बंद करने की सूचना अंकित हो।
8-प्रश्न पत्रों की सुरक्षा हेतु स्थानीय पुलिस को पत्र लिखकर व्यवस्था सुनिश्चित कराना।
9-परीक्षा केंद्र टीम/ आंतरिक सचल दल टीम के सदस्यों के नाम तथा बंडल वाहक का नाम एवं आईडी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय अलीगढ़ में तत्काल जमा कराना।
10-परीक्षा कक्ष, सीलिंग पैकिंग कक्ष तथा मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरा की उपलब्धता। तथा परीक्षा केंद्र पर मुख्य द्वार के अतिरिक्त बाहर जाने का यदि कोई दूसरा द्वार हो तो उसे पूर्ण रूप से सील कराना।
जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ द्वारा व्यवस्थाएं समस्त केंद्रों पर अति शीघ्र कराने के निर्देश बैठक में केंद्र व्यवस्थापको को दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों की जांच हेतु लगाए गए जांच अधिकारियों को भी अतिशीघ्र केंद्रों का निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या प्रपत्र तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।