
स्कूल व ट्यूबवेल का गेट तोड़कर लाखों की चोरी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – थाना हरदुआगंज कस्बे के जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा के मुताबिक जब वे शनिवार सुबह पौने नौ बजे स्कूल पहुंचे तो देखा कि स्कूल कार्यालय का गेट खुला हुआ है। ताला अलग पड़ा मिला, ताले वाला कुंडा आधा गेट में जुड़ा और आधा नीचे टूटा पड़ा मिला। फर्स तोड़कर चोर ताले भी उखाड़े गए हैं। अंदर रखी एक खेल किट, 2 सीलिंग फैन व 4 कुर्सियां गायब मिलीं। इसी तरह स्कूल की रसोई से भी एक गैस सिलेंडर, 2 भगौने, एक कढ़ाई, दस स्टील के मसाला डिब्बे आदि करीब 50 हजार का सामान चोरी हुआ है। स्कूल की खेल किट, सीलिंग फैन व 4 कुर्सियां कुछ दिन पहले नए आये हैं, एक बार भी इस्तेमाल नहीं हुए थे। उधर स्कूल के करीब नगला गिरधारी के मुख्तयार सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह के ट्यूबवैल को भी इसी तरह शिकार बनाया गया। यहां भी ताला नहीं टूटा तो कुंडा तोड़कर ताला अलग किया गया। यहां चोर ताले की पत्ती मुड़ी मिली। ट्यूबवैल से दो बोरी आलू, दो लोहे के बैंड, एक मोटर, दो बैटरी, एक झटका मशीन, एक बैटरी चार्जर और दो पाइप आदि करीब 60 हजार का सामान चोरी गया है। स्कूल और ट्यूबवैल से चोरी हुए सामान का वजन साढ़े 3 कुंटल से ज्यादा है। जाहिर है चोर पूरी तैयारी से आये थे और संख्या भी 3-4 से कम नहीं रही होगी। घटनास्थल सटे खेत में इसी ट्यूबवैल से रात साढ़े 11 बजे तक पानी लगाया गया था। उधर, तड़के तीन बजे गांव के सचिन यहां से गुजरे थे। उस समय पूरे रोड पर तालानगरी तक ऐसी कोई गतिविधि नहीं थी। जाहिर है घटनाएं रात 12 से ढाई बजे के बीच हुई हैं। नगला गिरधारी में 23 व 24 मई की रात लगातार चोरी की 2 चर्चित घटनाएं हुई थीं। एक चोरी तो मुख्तयार सिंह के ही घर हुई थी, दूसरी इन्हीं के परिवारी महावीर सिंह के घर हुई थीं। दोनों घरों से करीब 8 लाख रुपये से अधिक के जेवर, नगदी चोरी हुए थे। हालांकि कुछ माह पहले पुलिस ने इन घटनाओं के खुलासे का दावा किया था लेकिन ग्रामीणों ने उसे फर्जी खुलासा बताया था। उनका कहना था कि चोर लगातार सक्रिय हैं।