
कूड़ा डालने को लेकर सफाईकर्मी के साथ मारपीट, हंगामा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – देहलीगेट थाना क्षेत्र के गूलर रोड पर कपड़े के शोरूम के पास कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ी कि शोरूम संचालक के बेटे ने सफाईकर्मी के साथ मारपीट कर दी। इससे गुस्साए वाल्मीकि समाज के लोग इकट्ठा होने लगे। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाल लिया।दरअसल गूलर रोड पर लक्ष्मी टाकीज के सामने कपड़े के शोरूम के पास ही नगर निगम का कूड़ा डलावघर बना हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह यहां कटरा मोहल्ला निवासी सफाई कर्मचारी श्यामबाबू कूड़ा डाल रहे थे। इस पर शोरूम संचालक के बेटे केवल ने कूड़ा डालने से रोका। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि केवल ने सफाई कर्मचारी से मारपीट कर दी। इस जानकारी पर वाल्मीकि समाज के लोग इकट्ठा हो गए।इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार भी मौके पर आ गए। दोनों पक्षों को समझाकर विवाद को शांत कराया। ऐहतियातन पीएसी भी तैनात कर दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि सफाई कर्मचारी की तहरीर पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।