विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में 10 मार्च को होगी मतगणना
अनाधिकृत व्यक्तियों का मतगणना स्थल पर प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित, पासधारक ही कर सकेंगे प्रवेश
मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं
मतगणना के दौरान पारदर्शिता कायम रखते हुए पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी सम्पादित की जाए-जिला मजिस्ट्रेट

एटा। जिला मजिस्ट्रेट अंकित कुुमार अग्रवाल, एसएसपी उदय शंकर सिंह ने संयुक्त रूप से पुलिस लाईन प्रांगण में मतगणना हेतु तैनात किए गए अधिकारियों, सीएपीएफ, पीएसी, पुलिसबल को ब्रीफ किया। डीएम ने निर्देश दिए कि मा0 आयोग की मंशानुसार 10 मार्च को मण्डी समिति में मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाये। इसके लिए आवश्यक है कि मा0 भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप सभी मतगणना कार्मिक कार्य करें, जो भी दायित्व सौंपे गये हैं उनको पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाये।
डीएम ने निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता कायम रहनी बहुत जरूरी है। मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किये गये हैं, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगा। मतों की मैनुअल गणना भी कराई जायेगी, साथ ही आयोग की बेबसाइड पर मतगणना की अपडेटिंग होगी। सभी टीम भावना के साथ कार्य करें, किसी भी प्रकार का आछेप नहीं लगना चाहिए। पूरी टीम अनुशासन में रहनी चाहिए साथ ही सभी के साथ आचरण, स्वभाव में शालीनता का परिचय दिया जाये।
डीएम ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, मतगणना केन्द्र पर प्रवेश हेतु पास जारी किये गये हैं, बिना पास कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। मतगणना स्थल पर सेन्ट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के साथ-साथ, पीएसी एवं पुलिस बल को तैनात किया गया है।उन्होंने मतगणना प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों को भी कडी हिदायत दी है कि पूर्ण निष्पक्ष रहकर आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतगणना कार्य को सम्पादित किया जाये। मीडिया के बंधु हेतु पास जारी किए गए हैं तथा मतगणना स्थल पर उनके बैठने हेतु मीडिया सेंटर की व्यवस्था की गई हैं। मीडिया के बंधु मोबाइल फोन ले जा सकेंगे।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करना है। मण्डी समिति के दोनों गेटों पर क्लॉक रूम की व्यवस्था की गई। ड्यूटी के दौरान विनम्रता, शिष्टाचार, कानून के प्रति सम्मान बरकरार रखना है। प्रत्येक बैरियर पर सघन चैकिंग के साथ-साथ रूट डायवर्जन पर विशेष ध्यान दिया जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों द्वारा आवश्यक उपकरण अपने साथ अवश्य रखे जाएं।
एडीएम प्रशासन आलोक कुमार ने कहा कि जनपद में धारा 144 लागू हैं, धारा 144 का उल्लंघन करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। मण्डी समिति में सुविधा हेतु कन्ट्रोलरूम, चिकित्सक कैम्प, डाटा कम्यूनिकेशन सेंटर आदि की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर एएसपी श्रीमती स्नेहलता, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, समस्त क्षेत्राधिकारी, डिप्टी कलेक्टर विवेक राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, सीएपीएफ, पुलिस बल आदि मौजूद रहे।