
मतगणना के बाद मिल जाएगा धनीपुर एयरपोर्ट को लाइसेंस – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – धनीपुर एयरपोर्ट से लखनऊ तक की उड़ान का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। 10 मार्च को विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद यह इंतजार खत्म हो सकता है। एयरपोर्ट अथोरिटी से आने वाले कुछ दिनों में लाइसेंस मिल सकता है। पिछले दिनों लाइसेंस के लिए टीम यहां का निरीक्षण कर चुकी है। ऐसे में उम्मीद है कि अब आने वाले दिनों में लाइसेंस मिल जाएगा। पिछले तीन साल से धनीपुर एयरपोर्ट पर विस्तारीकरण का काम चल रहा है। 60 करोड़ से अधिक की कीमत इस पर खर्च हो चुकी है। पहले चरण में यहां से लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होनी है।केंद्र सरकार उड़ान स्कीम के तहत यूपी के छह जिलों में मिनी एयरपोर्ट विकसित कर रही है। इसमें अलीगढ़ भी शामिल है। शासन स्तर से इसके निर्माण की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को मिली है। अब तक करीब 60 करोड़ की लागत से यहां निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वैसे तो विधानसभा चुनाव से पहले ही प्रदेश सरकार यहां उड़ान शुरू करने की तैयारी में थी, लेकिन लाइसेंस के फेर में उड़ान शुरू नहीं हो सकी। प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट अथोरिटी आफ इंडिया में इसके लिए आवेदन कर रखा है। पिछले दिनों एक टीम भी यहां का निरीक्षण करने पहुंची थी। अब विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद यह लाइसेंस मिल सकता है। सूत्रों की मानें तो निजी क्षेत्र की एयरलाइन को इस पर उड़ान संचालन की जिम्मेदारी दी जा रही है। लाइसेंस मिलते ही उड़ान शुरू हो जाएगी। पहले चरण में लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होनी है।