चालीस साल से लापता व्यक्ति की जमीन का कराया बैनामा

एटा – चालीस साल पहले एक युवक लापता हो गया था। तमाम खोजबीन के बाद भी नहीं मिला। इस दौरान उसके माता-पिता की मौत हो गई। कागजों में जमीन लापता युवक के नाम आ गई। फरवरी 2021 में फर्जी कागजात बनाकर छह व्यक्तियों ने उसका बैनामा करा लिया। मामले की जानकारी होने पर लापता युवक के भाई ने जैथरा थाने में एक महिला सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जैथरा थाना क्षेत्र के गांव भमौरा निवासी उदयवीर ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह तीन भाई हैं। एक भाई जय सिंह 40 साल पहले लापता हो गया था। जिसका आज तक पता नहीं लग सका है। माता-पिता की भी मौत हो चुकी। दोनों की मौत हो जाने पर पैतृक जमीन हम तीनों भाइयों के नाम आ गई।
10 फरवरी 2021 को पंजाब के थाना मुक्तसर क्षेत्र के कपूरवती हाल पता अलीगंज के लड़सिया निवासी प्रेम सिंह व गांव की एक महिला सहित चार अन्य ने जय सिंह के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। उन्होंने अलीगंज तहसील में उसकी जमीन का बैनामा करा लिया। जैथरा थानाध्यक्ष डॉ. सुधीर राघव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।