
मतगणना के बाद 28 व 29 मार्च को हड़ताल पर रहेंगी ट्रेड यूनियन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साझा मंच के तत्वावधान में पान दरीबा में बैठक हुई। इसमें सरकार की नीतियों के विरोध में 28 व 29 मार्च को हड़ताल करने पर विचार-विमर्श किया गया।मुख्य वक्ता मोहम्मद इदरीश ने कहा कि सरकार की जनविरोधी एवं श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ मार्च के प्रथम सप्ताह में ही हड़ताल की जानी थी, किंतु चुनाव-मतगणना के कारण अब 28 व 29 मार्च को होगी।बैठक में वक्ताओं ने कहा, सरकार ने कोरोना महामारी के समय श्रमिकों के हित में बनाए हुए 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर दिया। काले कृषि कानूनों के साथ-साथ इन्हें भी पारित करा लिया। इसमें श्रमिकों की सेवा शर्तें और उनकी सामाजिक सुरक्षा की गारंटी सरकार ने खत्म कर दी। पूंजीपतियों को श्रमिकों का शोषण करने के लिए खुली छूट दे दी। सरकार की इन श्रमिक विरोधी नीतियों के विरोध में देश के सभी बड़े संगठन 28 व 29 मार्च को आम हड़ताल करने जा रहे हैं। 23 मार्च को सरदार भगत सिंह के बलिदान दिवस पर पान दरीबा में ट्रेड यूनियनों एवं जन संगठनों का समारोह आयोजित होगा। इसमें हड़ताल की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। अध्यक्षता डा. राकेश सक्सेना व संचालन कामरेड राजकुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर मोहम्मद अमजद, सचिन जैन, इरफान अंसारी, राकेश कुमार, आनंद शशिकांत आदि ने भाग लिया।