
सट्टा माफिया के घर देर रात छापा, भारी मात्रा में गांजा बरामद – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – गांधीपार्क क्षेत्र के शीशियापाड़ा इलाके में पुलिस ने शुक्रवार देर रात सट्टा माफिया के घर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। उसके घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक दो-तीन बोरियों में भरा करीब साढ़े 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में भी लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पिछले साल भी इसी जगह से 18 लोगों को गिरफ्तार कर 185 किलो गांजा बरामद किया गया था। वहीं सट्टा एक आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर भी कार्रवाई भी हो चुकी है।गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शीशियापाड़ा इलाके में गांजा के कारोबार होने की जानकारी मिली थी। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पिछले साल अप्रैल में शीशियापाड़ा में अंकुश के घर में सट्टा खिलाने की जानकारी मिली थी। उस वक्त टीम ने छापा मारकर 18 लोगों को गिरफ्तार किया था। साथ ही भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ था। सट्टा खेलते भी लोग मिले थे। इसमें अंकुश के खिलाफ एक माह पहले गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस को जानकारी मिली थी कि फिर से यहां गांजा के कारोबार शुरू हो गया। इस आधार पर सीओ मोहसिन खान, इंस्पेक्टर गांधीपार्क वंशीधर पांडेय की पुलिस फोर्स के साथ देररात अंकुश के घर पर छापा मारा। सट्टा माफिया को देखते हुए महुआखेड़ा थाने का फोर्स भी साथ में था। एसपी सिटी ने बताया कि यहां से साढ़े 10 किलो गांजा बरामद हुआ है। चार लोग दबोचे गए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।