
एमएलसी चुनाव के लिए राजनैतिक दल नहीं तोड़ रहे चुप्पी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – विधानसभा चुनाव की मतगणना होते ही अलीगढ़-हाथरस के स्थानीय निकाय विधान परिषद चुनाव का शोर शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक किसी भी राजनैतिक दल ने इस चुनाव पर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है। भाजपा से लेकर सपा तक ने अपने किसी दावेदार को सक्रिय नहीं किया है। ऐसे में स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम पर ही एमएलसी चुनाव की स्थिति टिकी है। प्रदेश में जिस पार्टी का विधानसभा चुनाव में पलड़ा भारी रहेगा, एमएलसी चुनाव में भी उसकी ही धाक बन सकती है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम सिटी राकेश पटेल ने बताया कि अलीगढ़-हाथरस समेत एमएलसी की 36 सीटों के लिए चुनाव होना है। शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। 15 मार्च से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होगी। 19 मार्च तक कोई भी नामांकन कर सकता है। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 मार्च तक नाम वापसी रहेगी। नौ अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि हाथरस-अलीगढ़ में इस चुनाव के लिए कुल 28 केंद्र बने हें। इसमें सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, क्षेत्र पंचायत सदस्य, बीडीसी व ग्राम प्रधान मतदान करेंगे। दोनों जिलों में कुल 3533 मतदाता हैं। इनमें अलीगढ़ के 2296 एवं हाथरस के 1234 मतदाता शामिल हैं। उनहोंने बताया कि इस चुनाव के लिए अलीगढ़ में 20 व हाथरस में आठ बूथ बनाए गए हैं।