अगले वित्तीय वर्ष में जनपद के डिपो को मिलेंगी नई बसें डिपो का होगा सौंदर्यकरण

एटा – सोमवार को यूपीएसआरटीसी के जीएम ने परिक्षेत्र के तहत आने वाले छह डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ एटा डिपो वर्कशॉप में बैठक की। बैठक में डिपो संचालन एवं आगामी त्योहारों को लेकर समीक्षा की गई। इसके साथ ही जीएम ने अगले वित्तीय वर्ष में एटा डिपो में नई बसें आने की बात कही।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के जरनल मैनेजर एवं अलीगढ़ परिक्षेत्र के नोडल अधिकारी विवेक माथुर ने एटा डिपो सहित अलीगढ़, अतरौली, नरौरा, बुद्धविहार एवं कासगंज डिपो के एआरएम के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जीएम ने सभी डिपो के एआरएम से चुनाव में गयी बसों के कारण डिपो की आय में आई कमी की जानकारी की। इसके साथ ही जिन बसों के माध्यम से संचालन चल रहा है। उनसे होने वाली आय की भी जानकारी ली। इसके अलावा आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी छह डिपो के एआरएम को बस संचालन संबंधी निर्देश दिए। साथ ही साथ जीएम ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में अलीगढ़ परिक्षेत्र के सभी डिपो को जरुरत के अनुसार नई साधारण एवं जनरथ बसें दी जाएगी। जिससे डिपो में बसों की कमी दूर होने के साथ यात्रियों को भी रोडवेज बसों की भरपूर सुविधा मिल सकेगी। जीएम ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव एआरएम राजेश यादव ने दिया है। जिस पर मुख्यालय से निर्णय लिए जाने के साथ बजट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही एटा डिपो के वर्कशॉप का भी कायाकल्प होगा। जीएम ने रोडवेज के बाहर खडी होने वाली डग्गामार बसों के संबंध में प्रशासन से बात करने की बात कही। बैठक में एसएम विनोद कुमार, एआरएम अलीगढ़ वीके शुक्ला, एआरएम बुद्ध विहार योगेन्द्र पाल सिंह, एआरएम नरौरा राकेश सिंह, कासगंज एआरएम संजीव यादव, अतरौली एआरएम राधेश्याम मौजूद रहे।