भारत की लड़की ने यूक्रेन छोड़ने से किया मना, कहा- युद्ध में इन्हें छोड़कर नहीं जा सकती

जब सब अपनी सुरक्षा के लिए भाग-भाग कर अपने देश जा रहे हैं, तब हरियाणा की एक 17 साल की लड़की एक यूक्रेनियन परिवार के लिए भारत आने से मना कर रही है.
‘मैं ऐसे नहीं जा सकती’ हरियाणा के चरखी दादरी ज़िले की रहने वाली नेहा सांगवान यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई के लिए गई थीं. युद्ध शुरू हुआ तो घरवालों ने एंबेसी से बात कर भारत वापस लाने का प्रबंध किया. लेकिन नेहा ने यूक्रेन छोड़ने से इनकार कर दिया. कहा कि जिस मकान में वह रहती है, उसका मालिक युद्ध लड़ने गया है. उसकी पत्नी और उसके तीन छोटे बच्चे हैं घर पर अकेले हैं और इस मुश्किल वक़्त में वह उन्हें छोड़कर नहीं आएगी.
आजतक की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेहा के पिता भारतीय सेना में थे और कुछ साल पहले उनकी मृत्यु हो गई थी. पिछले साल ही उसे यूक्रेन (Kyiv) के एक मेडिकल कॉलेज में दाख़िला मिला था. हॉस्टल अकोमोडेशन नहीं मिला, तो नेहा कीव के एक कंस्ट्रक्शन इंजीनियर के घर में पेइंग गेस्ट के रुप में रहने लगीं.