
बजाज लॉक के पेटेंट उत्पाद को अनधिकृत रूप से बना रहे कारखाने पर छापा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – बन्नादेवी क्षेत्र के मधुवन विहार स्थित हिमांशु लॉक कारखाने में बजाज लॉक के पेटेंट उत्पाद को बनाया जा रहा था। दिल्ली न्यायालय के आदेश पर कंपनी की लीगल टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापा मारा है और माल को सील कर दिया है। अब इस माल का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।बजाज ताला उद्योग के मालिक ने पेटेंट उत्पाद का अलीगढ़ के मधुवन विहार में अनाधिकृत उत्पादन की शिकायत न्यायालय में की थी। न्यायालय के आदेश पर कंपनी की लीगल टीम ने यहां आकर पुलिस से मदद मांगी और बन्नादेवी पुलिस टीम के साथ अधिकारियों ने मधुवन विहार स्थित हिमांशु लॉक कारखाने पर छापा मारा। यहां पर साइकिल के ताले बनते हैं।बजाज ताला उद्योग के वकील राघव अरोड़ा ने बताया कि हमारी याचिका बजाज ताला उद्योग के पेटेंट ताले के अनाधिकृत उत्पादन को लेकर है। छापे में भारी मात्रा में अनाधिकृत पैक साइकिल ताले व उसे बनाने का अन्य सामान पाया गया है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई की वीडियोग्राफी हुई और पाए गए ताले व अन्य सामान को सील किया गया।राघव अरोड़ा ने चेतावनी दी कि अन्य अनाधिकृत ताला बनाने वालों के खिलाफ भी न्यायालय में शिकायत की जाएगी। सीओ द्वितीय मोहसिन खान के अनुसार माल सील कर दिया गया है। सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। यह कार्रवाई दिल्ली से आई टीम ने की थी। हमसे पुलिस मदद मांगी गई थी। हमारी टीम वहां मौजूद रही।