
शहर में सर्राफ बाजार से सोने-चांदी के खरीदार हुए गायब – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – रूस-यूक्रेन हमले के बीच सराफा कारोबारियों को दो दिन में भारी नुकसान हुआ है। सराफा मार्केट से सोने-चांदी के खरीददार गायब हो गए हैं, लेकिन सोना-चांदी बेचने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। दो दिनों से मार्केट में पुरानी ज्वैलरी बेचकर अच्छा भाव लेने वाले लोग आगे आ रहे हैं। हालांकि सर्राफ बाजार की मौजूदा तेजी को देखते हुए पुरानी ज्वैलरी नहीं खरीद रहे हैं।रूस यूक्रेन के बीच युद्ध होने से 24 फरवरी को सोना 53500 रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया था और चांदी 63 से 68 हजार रुपये प्रति किलो ग्राम पहुंच गई थी। लेकिन 25 फरवरी को दोनों के रेट डाउन हुए। सोना शुक्रवार को 52800 रुपये व चांदी 66 हजार रुपये प्रति किलो रही। लेकिन पिछले दो दिनों से सराफा मार्केट में सन्नाटा छाया हुआ है। चार मार्च को सहालग भी है, लेकिन इसको लेकर भी खरीददार नहीं दिखाई दे रहे हैं। सराफा मार्केट के शोरूम शुक्रवार को खाली दिखाई दिए। जिन शोरूमों पर पैर रखने की जगह नहीं मिलती थी वह खाली पड़े रहे। सराफा कारोबारियों के प्रतिष्ठान पर लोग पुरानी ज्वैलरी लेकर बेचने जरूर आ रहे थे,लेकिन सर्राफ तेजी के कारण नहीं खरीद रहे। सराफा बाजार में मौजूदा समय में तेजी है। ऐसे में ग्राहकों ने मार्केट से दूरी बना रखी है। जबकि बेहतर भाव पाने के लिए पुरानी ज्वैलरी की सेल करने वाले मार्केट में आ रहे हैं। पिछले दो दिनों सराफा मार्केट को आठ से 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।