सड़क हादसे मे तीन की मौत तेरह
जैथरा के अगरैया में सड़क किनारे खेल रहे बालक को ईको ने चपेट में लिया
सकीट थाना क्षेत्र के गांव बाबली में युवक वाहन की चपेट में आया

एटा। जैथरा क्षेत्र में सड़क किनारे खेल रहे बालक को ईको गाड़ी ने चपेट में ले लिया। इससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। मिरहची क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर किशोर व सकीट क्षेत्र में युवक की वाहन की चपेट में आने से जान चली गई। वहीं विभिन्न हादसों में 13 लोग घायल हो गए।
जैथरा थाना क्षेत्र के गांव अगरैया में रंजीत सिंह का 10 वर्षीय पुत्र हरिओम दुर्घटना का शिकार हुआ है। परिजनों ने बताया कि गांव अलीगंज-एटा मार्ग पर स्थित है। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे हरिओम सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान एटा से अलीगंज की ओर जा रही ईको गाड़ी काफी तेज रफ्तार से निकली। इसने हरिओम को चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, मिरहची थाना क्षेत्र के गांव धिरामई निवासी पुष्पेंद्र (14) अपने पिता के साथ बुधवार देरशाम गांव लौट रहा था। गांव के बाहर ही किसी अज्ञात वाहन ने पुष्पेंद्र को चपेट में ले लिया दी। गंभीर रूप से घायल पुष्पेंद्र को परिजन मेडिकल कॉलेज लाए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। सकीट थाना क्षेत्र के गांव बाबली निवासी मुलायम सिंह (40) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मुजफ्फरनगर में मजदूरी करता था। बुधवार देरशाम मलावन थानांतर्गत आसपुर चौराहा के पास वाहन के इंतजार में खड़ा था। इसी समय किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां से आगरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को वहां उसकी मौत हो गई।
वहीं सकीट थाना क्षेत्र के गांव नगला गंगी में दो बाइकें भिड़ने से सुमित, सौरभ, दीपक, अंशुल निवासी मुबारिकपुर टिमरुआ और दूसरी बाइक पर सवार सुरेश व उनकी पत्नी शकुंतला निवासी सीतापुर घायल हो गईं। पिलुआ थानांतार्गत गांव उमरायपुर पर भी दो बाइक भिड़ गईं। इसमें दिनेश, ललित निवासी पिलुआ और प्रवेंद्र नगला भजा घायल हो गए। मिरहची के पास मैक्स पलटने से रूप सिंह, संतोष, कुलदीप, तिरमल निवासी नगला रनुआ कोतवाली देहात घायल हुए हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।