“जीटी रोड दो महीने के लिए आवागमन होगा दुश्वार”

एटा। शहर के जीटी रोड के राहगीरों को दो माह आने-जाने में दिक्कत रहेगी। कारण कि हाथी गेट से पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहे तक सीवर लाइन डालने का काम शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए वहां पहले गहरी खुदाई की जाएगी। गड्ढे की खुदाई और पाइन लाइन बिछाए जाने के करीब दो माह लगेंगे।
नवंबर से जीटी रोड पर गोशाला की ओर से हाथी गेट तक सीवर लाइन डाली गई। अभी तक इस सड़क की मरम्मत पूरी नहीं हो सकी है। जल निगम ने अब सीवर लाइन के काम को आगे बढ़ाने की तैयारी कर ली है। सीवर लाइन कार्य के दौरान जीटी रोड पर घंटाघर, बाबूगंज, ठंडी सड़क की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इससे लोगों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हाथी गेट से चंद कदम दूर कोतवाली नगर है। जहां पर कई फरियादी अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं। खुदाई के वक्त पुलिसकर्मी समेत फरियादियों के वाहनों का यहां पर पहुंचना बंद हो जाएगा। वहीं आगे घंटाघर और बाबूगंज में कई लोग खरीदारी के लिए आते हैं जिससे इन बाजारों के मुख्य रास्ते बंद हो जाएंगे। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यह समस्या दो-चार दिन नहीं, बल्कि कम से कम दो महीने रहेगी। जल निगम ने कार्य के लिए दो महीने का समय तय किया है।
भारी वाहनों का आवागमन रहेगा वर्जित:
जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके शर्मा ने बताया कि जीटी रोड पर सीवर लाइन की खुदाई के दौरान अलीगढ़ की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बाईपास से होकर शहर से बाहर निकाला जाएगा। इसी ओर से आने वाले छोटे वाहनों को जीटी रोड के दायीं ओर से निकाला जाएगा। दो महीने में सीवर लाइन का यह काम पूरा करा लिया जाएगा। जीटी रोड पर बने डिवाइडर से कोतवाली नगर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- आरके शर्मा, अधिशासी अभियंता जल निगम
लोग बोले…
पहले हाथी गेट से गोशाला तक सीवर लाइन कार्य किया गया था। नगर पालिका और तहसील जाने के लिए लोग महीनों तक परेशान रहे। आगे की ओर तो और महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इससे परेशान बहुत ज्यादा हो जाएगी। - बौबी सिंह, गांधी मार्केट
जीटी रोड का यह हिस्सा शहर का बिल्कुल मध्य और अतिव्यस्त मार्ग है। यहां एक ओर का यातायात प्रभावित होता है तो लोगों को दिन भर जाम से जूझना पड़ेगा। जिम्मेदारों को कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनानी चाहिए। - आशीष कुमार, बाबूगंज